U P : कृषि कानून के खिलाफ सड़कों पर उतरे कांग्रेसी, अजय लल्लू को पुलिस ने किया गिरफ्तार

U P : कृषि कानून के खिलाफ सड़कों पर उतरे कांग्रेसी, अजय लल्लू को पुलिस ने किया गिरफ्तार


लखनऊ । कांग्रेस ने तीन कृषि कानूनों के खिलाफ सोमवार को प्रदेशव्यापी आन्दोलन के तहत प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के नेतृत्व में विधानसभा की ओर जा रहे कार्यकर्ताओं को परिवर्तन चौक पर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और बसों से इको गार्डेन ले गये। देर शाम उन्हें रिहा किया गया।

कांग्रेस विधान परिषद दल के नेता दीपक सिंह को परिवर्तन चौक पहुंचने पर पुलिस गिरफ्तार कर पुलिस लाइन ले गयी जहां देर सायं रिहा किया।

इससे पहले परिवर्तन चौक पर लखीमपुर, कानपुर, बाराबंकी, फैजाबाद, रायबरेली, अमेठी आदि जनपदों से पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि भाजपा द्वारा बनाये गये नये तीन कृषि कानून देश के अन्नदाता को बदहाली पर पहुंचाने वाले हैं। नये कानून में कृषि उत्पाद का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) तय करने का जिक्र न होना इस बात की तरफ इशारा करता है कि सरकार ने कृषि व्यवस्था को पूरी तरह से कार्पोरेट और पूंजीपतियों के हवाले कर दिया है। इससे देश की कृषि व्यवस्था जिसमें 86.4 प्रतिशत किसान जिसकी जोत 2 एकड़ से कम है वह नई प्रतिस्पर्धात्मक व्यवस्था से बाहर हो जायेगा और किसान अधिकार विहीन हो जाएगा। उसकी हैसियत मात्र एक मजदूर की हो जाएगी।

उन्होंने कहा कि तीनों नये कृषि कानूनों में एमएसपी का जिक्र न किये जाने से सरकारी अनाज मंडियां, सब्जी तथा फल मंडिया समाप्त हो जायेंगी, जिसकी वजह से किसान पूंजीपतियों द्वारा तय किये गये मूल्य पर अपने उत्पादित फसल को बेचने के लिए बाध्य हो जाएगा। अनाज मण्डी, सब्जी व फल मण्डी खत्म करने से कृषि उपज व्यवस्था पूरी तरीके से नष्ट हो जाएगी और पूंजीपतियों को फायदा होगा।

आवश्यक वस्तु अधिनियम की सूची से अनाज, दालें, खाद्य तेल, आलू, प्याज आदि बुनियादी चीजों को बाहर करने से कारोबारी जमाखोरी करना शुरू कर देंगे, कीमतों में अस्थिरता आ जायेगी और देश में कालाबाजारी बढ़ जाएगी जिसका खामियाजा देश की बेहाल परेशान जनता और किसान को भुगतना पड़ेगा, जिसे कांग्रेस पार्टी कतई बर्दाश्त नहीं करेगी।

अजय कुमार लल्लू ने कहा कि योगी सरकार इस आन्दोलन से इतना भयभीत है कि कांग्रेस नेताओं को उनके घरों में रात से ही नजरबंद कर दिया गया और भारी पुलिस का पहरा लगा दिया है। वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी, कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा‘मोना’, पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी को उनके घरों में नजरबंद किया गया।

पुलिस द्वारा कांग्रेसजनों को जगह-जगह पर रोके जाने के तहत बाराबंकी मोड़ पर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी प्रशासन सिद्धार्थ प्रिय श्रीवास्तव को लगभग डेढ़ घण्टे पुलिस ने हिरासत में रखा। जिला कांग्रेस लखनऊ के अध्यक्ष वेद प्रकाश त्रिपाठी केा उनके घर पर नजरबंद किया गया। इसी तरह ओंकारनाथ सिंह, अशोक सिंह, हरनाम सिंह चौहान, शैलेन्द्र तिवारी को उनके घरों में नजरबंद किया गया। झांसी में पूर्व केन्द्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य एवं शहर अध्यक्ष अरविन्द वशिष्ठ को उनके घरों में नजरबंद किया गया। रायबरेली में अशोक सिंह को उनके घर पर नजरबंद किया गया।

Share this story