कोरोना का शिकार हुए काशीपुर नगर निगम के दो कर्मचारी, प्रशासन हुआ अलर्ट

कोरोना का शिकार हुए काशीपुर नगर निगम के दो कर्मचारी, प्रशासन हुआ अलर्ट

Newspoint24.com/newsdesk/

हल्द्वानी, उत्तराखंड। काशीपुर नगर निगम में कार्यरत दो कर्मचारियों के कोरोना वायरस से संक्रमित पाये जाने के बाद नगर निगम प्रशासन अलर्ट हो गया है।
दोनों ही कर्मचारी नगर निगम के कर अनुभाग में कार्यरत हैं।

नगर निगम आयुक्त प्रकाश चन्द्र ने सोमवार को यहां बताया कि नगर निगम के दो कर्मचारियों की जांच रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि हुई है। लिहाजा दो-तीन दिन के लिए निगम परिसर में रोक लगाया गया है जिसका अनुपालन नगर निगम के ही स्तर से किया जाना है।

उन्होंने कहा कि फिलहाल नामान्तरण, कर अनुभाग से सम्बंधित कार्यों को स्थगित किया गया है और अभी सबसे प्रमुख उद्देश्य कोरोना संक्रमण को रोकने का प्रयास करना है। उन्होंने बताया कि आज समूह घ स्तर के कर्मचारियों को कार्यालय नहीं आने के लिए कहा गया था।

चन्द्र ने आम जनमानस से भी अपील की है कि अत्यंत आवश्यक होने पर ही नगर निगम कार्यालय में आएं। नगर आयुक्त ने यह भी बताया कि नगर में बने कंटेनमेंट जोनों में नागरिक आपूर्ति की बहाली के लिए प्रबंध किये जा रहे हैं। इसके लिए पूर्ति निरीक्षक के नेतृत्व में दो कर अधीक्षकों की तैनाती की गयी है।
यह टीम कंटेनमेंट जोन स्थित एक दुकान को खुलवाकर भुगतान के आधार पर जनसामान्य को दैनिक उपभोग सामग्री उपलब्ध करवाएगी।

उल्लेखनीय है कि गत रविवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मेयर ऊषा चौधरी और नगर आयुक्त प्रकाश चंद समेत सभी निगम पार्षदों तथा कर्मचारियों का रैपिड एंटीजन टेस्ट किया जिसमें नगर निगम के दो आउटसोर्स कर्मचारियों की जांच रिपोर्ट में संक्रमित होने की पुष्टि हुई है।

Share this story