उल्फा (स्व) को धन देने के आरोप में दो व्यवसायी व दो लिंकमैन गिरफ्तार

उल्फा (स्व) को धन देने के आरोप में दो व्यवसायी व दो लिंकमैन गिरफ्तार

Newspoint24.com/newsdesk/

चराईदेव (असम)। प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन यूनाइटेड लिबरेशन फ्रंट आफ असम (उल्फा) स्वाधीन (स्व) धड़े द्वारा मांगी गई धनराशि को देने वाले दो प्रतिष्ठित व्यवसायियों को पुलिस ने गुरुवार की सुबह उनके घरों से गिरफ्तार किया है। इस मामले में उल्फा (स्व) के दो लिंकमैनों को भी गिरफ्तार किया गया है। 

घटना से संबंध में चराईदेव जिला पुलिस अधीक्षक ने गुरुवार की शाम को बताया कि चराईदेव जिला मुख्यालय शहर सोनारी के नामतोला के कच्चे चाय पत्ती के प्रतिष्ठित व्यवसायी विमल अग्रवाला तथा न-जबका इलाके के कच्चे चाय पत्ती के व्यवसायी कुल बहादुर बनिया और उल्फा (स्वा) के कैडर गणेश असम के बीच मोबाइल पर हुई वार्ता की जानकारी पुलिस को मिल गई थी। दोनों व्यवसायियों से ढाई-ढाई लाख रुपए डिमांड की गई थी।

उल्फा (स्व) के द्वारा मांगे गए पैसे की आधी रकम को अरुणाचल प्रदेश के कानूबारी निवासी एनवाद वांगसाई नामक युवक को देने का निर्देश उल्फा (स्व) के कैडर ने दिया था। शेष धनराशि कुछ दिनों के पश्चात देने को कहा गया था। दोनों व्यवसायी बुधवार को अपने हिस्से की धनराशि अरुणाचल प्रदेश के युवक को पहुंचा दिया। अरुणाचली युवक बुधवार को ही अपने हीरो होंडा स्पलेंडर बाइक (एएस-04क्यू-9487) के जरिए पैसे लेकर नगालैंड के मोन जिला की ओर रवाना हुआ।

खुफिया जानकारी के आधार पर चराईदेव पुलिस ने नगालैंड पुलिस के सहयोग से युवक को गिरफ्तार कर लिया। युवक के पास से ढाई लाख रुपए भी बरामद करने के साथ ही उसकी बाइक को जब्त कर लिया गया। पूछताछ में पता चला कि दोनों व्यवसायियों के बारे में समूची जानकारी देने वाले सोनारी थानांतर्गत न-जबका निवासी राजू बनिया को भी पुलिस ने बीती रात गिरफ्तार कर लिया। इस बीच पुलिस ने गुरुवार को दोनों व्यवसायियों को उनके घरों से गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही दोनों व्यवसायियों के मोबाइल को भी पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। चारों से सुनारी थाने में जिला पुलिस अधीक्षक व शीर्ष अधिकारियों के नेतृत्व में गहन पूछताछ की जा रही है।

Share this story