उत्तर प्रदेश: मनरेगा के तहत रोजगार देने में देश में अव्वल, इतने हजार श्रमिकों को मिला रोजगार

उत्तर प्रदेश: मनरेगा के तहत रोजगार देने में देश में अव्वल, इतने हजार श्रमिकों को मिला रोजगार

Newspoint24.com/newsdesk/ वार्ता /

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने दावा किया है कि मनरेगा के तहत राज्य में 57,12,975 श्रमिकों को रोजगार मिला है जो देश में सर्वाधिक है।

सूबे के अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने सोमवार को बताया कि प्रदेश की 58,906 ग्राम पंचायतों में से 56,981 ग्राम पंचायतों में 57,12,975 अनस्कील्ड लेबर कार्य कर रहे हैं, जो सम्पूर्ण देश का 18 प्रतिशत है। यह देश में अन्य राज्यों की तुलना में सर्वाधिक है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक 7.93 करोड़ मानव दिवस सृजित करते हुए 1633.39 करोड़ रूपये का भुगतान किया गया है। लोक निर्माण विभाग द्वारा 4175000.53 लाख रूपये की लागत की कुल 3083 परियोजना प्रारम्भ कर दी गयी है। जिसमें 41468 श्रमिक कार्यरत हैं। प्रदेश में 20 अप्रैल से अब तक सी एण्ड डीएस के 354 प्रोजेक्ट में 6584 श्रमिक, अमृत योजना के 128 परियोजनाओं में 3711 श्रमिक तथा हाउसिंग बोर्ड/विकास प्राधिकरणों/मेट्रों की 444 परियोजनाओं में 9916 श्रमिक कार्य कर रहे हैं। इस प्रकार कुल 926 परियोजनाओं में 20,211 श्रमिक कार्य कर रहे है।

अवस्थी ने बताया कि देश में सबसे अधिक कामगार उत्तर प्रदेश में आये हैं। प्रदेश में अब तक 1649 ट्रेन से 22,26,254 लोगों को प्रदेश में लाया जा चुका है।

उन्होंने बताया कि दूसरे राज्यों के ईंट भट्टा श्रमिकों को उनके राज्य में भेजे जाने की व्यवस्था प्रदेश सरकार द्वारा की जा रही है। प्रदेश सरकार द्वारा अब तक अन्य राज्यों के ईंट भट्टा श्रमिकों को 14 ट्रेन के माध्यम से सम्मान उनके घर भेजा गया है तथा आज नौ ट्रेन के माध्यम से छत्तीसगढ़, उड़ीसा एवं झारखंड के ईंट भट्टा श्रमिकों को उनके घर भेजा जा रहा है।

अवस्थी ने बताया कि अन्य राज्यों के ईंट भट्टा श्रमिकों को उनके घर भेजने के लिए लगभग 20 और ट्रेन की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा कि अन्य प्रदेश के लोगों को जो अपने घर जाने के इच्छुक हैं। उनको प्रदेश सरकार द्वारा सकुशल सम्मान के साथ उनके घर भेजा जायेगा।

Share this story