अरविंद केजरीवाल के आवास की छत गिरी

अरविंद केजरीवाल के आवास की छत गिरी

Newspoint24.com/newsdesk/


नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री आवास के एक हिस्से की छत शुक्रवार को अचानक गिर गई। हालांकि कोई हताहत नहीं हुआ है। मुख्यमंत्री बनने के बाद वर्ष 2015 से इस आवास में अरविंद केजरीवाल रह रहे हैं।
अधिकारियों और एजेंसियों ने तुरंत उसकी मरम्मत का काम शुरू कर दिया है।
इस घटना के दो दिन पहले मुख्यमंत्री के चैम्बर के टॉयलेट की छत गिर गई थी। यही नहीं हाल ये हुआ कि जब टॉयलेट की छत की मरम्मत शुरू हुई तो इसी दौरान टॉयलेट की दीवार की ईंट भी निकलना शुरू हो गई।
लोक निर्माण विभाग के मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा, “मैंने खुद देखा है, लगभग 1940 की बनी हुई काफी पुरानी बिल्डिंग है। उसमें छत क्रैक कर गई है। थोड़ा हिस्सा गिरा भी है। सुरक्षा की जांच की जा रही है।”
दिल्ली के सिविल लाइन्स स्थित ‘6 फ्लैगस्टाफ मार्ग’ में मार्च 2015 से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल रह रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि लगभग 80 साल पुराने इस घर में जबसे मुख्यमंत्री रहने आए हैं हमेशा ही कुछ न कुछ मरम्मत का काम चलता रहता है। इससे सवाल उठ रहा है कि क्या केजरीवाल निवास सुरक्षित है?
मुख्यमंत्री कार्यालय के सूत्रों के मुताबिक ‘6 फ्लैगस्टाफ मार्ग (मुख्यमंत्री आवास) 1942 में बना था। पिछले दिनों बरसात के बाद हुई घटनाओं के बाद फ़िलहाल पूरे मुख्यमंत्री आवास के ढांचे की समीक्षा की जा रही है। अधिकारियों की रिपोर्ट के बाद इस बारे में फैसला किया जाएगा।

Share this story