कृषि विधेयकों और बेरोजगारी के मुद्दे पर सड़कों पर उतरे सपा कार्यकर्ता, तहसीलों में प्रदर्शन

कृषि विधेयकों और बेरोजगारी के मुद्दे पर सड़कों पर उतरे सपा कार्यकर्ता, तहसीलों में प्रदर्शन

Newspoint24.com/newsdesk/

लखनऊ। समाजवादी पार्टी ने सोमवार को प्रदेश के सभी जनपदों में तहसील स्तर पर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान कई जगह पार्टी कार्यकर्ताओं की पुलिस से जोरदार झड़प भी हुई। राजधानी में कई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कोरोना के मद्देनजर शारीरिक दूरी का पालन करते हुए ज्ञापन सौंपने का आह्वान किया था। लेकिन कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के दौरान इसकी जमकर धज्जियां उड़ायी।

पार्टी ने केंद्र सरकार द्वारा लाए गए किसान विरोधी पुल बिल, कोरोना काल में अव्यवस्थित स्वास्थ्य व्यवस्था और भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, ध्वस्त कानून व्यवस्था, निजीकरण और द्वेष की राजनीति तथा बदले की भावना से समाजवादी नेताओं पर अत्याचार को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया।
कार्यकर्ताओं ने जिलों की तहसीलों का घेराव किया और सरकार के खिलाफ राज्यपाल को संबंधित ज्ञापन सम्बन्धित प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा। इस दौरान सपा नेताओं ने कहा कि केन्द्र व प्रदेश सरकार युवाओं से किए गए वादों को पूरा करने में असफल साबित हुई है और अब राज्यसभा में बहुमत न होने के बावजूद विधेयक पास कर किसानों पर अत्याचार कर रही है।

राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर स्थित सदर तहसील कार्यालय का सपा कार्यकर्ताओं ने घेराव कर जमकर नारेबाजी की। उन्नाव में विधान परिषद सदस्य सुनील साजन के नेतृत्व में पार्टी ने कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार, किसानों के मुद्दे पर भाजपा सरकार के खिलाफ जबरदस्त प्रदर्शन किया। इसी तरह कानपुर में कार्यकर्ताओं ने अपना विरोध दर्ज कराया। पुलिस और उनके बीच झड़प भी देखने को मिली। गोण्डा जिले में भी सपा कार्यकर्ताओं ने ताली और थाली बजाकर प्रदर्शन किया। सीतापुर जिले में कार्यकर्ताओ नें पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ धक्का-मुक्की भी की।

पूर्वांचल के कुशीनगर में कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार के खिलाफ किसानों के पक्ष में पार्टी ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। सहारनपुर में सपा के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने जमकर नारे लगाए और अपनी आवाज बुलन्द की। इसी तरह प्रदेश के अलग-अलग जिलों में प्रदर्शन किया।

इससे पहले पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को राज्यसभा में कृषि विधेयक पास होने पर कहा था कि चुनिंदा धन्नासेठों के लिए भाजपा ने देश की दो तिहाई आबादी को धोखा दिया है। लोकतांत्रिक कपट कर भाजपा ने कृषि बिल नहीं, अपना ‘पतन पत्र’ पारित कराया है। इसके विरोध और अन्य मुद्दों को लेकर सपा सोमवार को पूरे प्रदेश में तहसीलों पर धरना-प्रदर्शन करके जिला प्रशासन के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन सौंपेगी।

Share this story