कानपुर नगर में गंगा पर रिवर फ्रण्ट बनेगा: योगी आदित्यनाथ

कानपुर नगर में गंगा पर रिवर फ्रण्ट बनेगा: योगी आदित्यनाथ

Newspoint24.com/newsdesk/


नमामि गंगे परियोजना के कार्यों को प्रभावी ढंग से किया जाए संचालित

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को यहां अपने सरकारी आवास पर वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के जरिए कानपुर मण्डल के विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कानपुर नगर में गंगा नदी पर रिवर फ्रण्ट बनेगा। कानपुर में गंगा का काफी विस्तार है। नमामि गंगे परियोजना के तहत कानपुर में अच्छा कार्य किया गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने जनपद कानपुर में इस सम्बन्ध में समीक्षा की थी। उन्होंने नमामि गंगे परियोजना के कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित किए जाने के निर्देश दिए।

कानपुर नगर में कोरोना संक्रमण हर हाल में किया जाए नियंत्रित
उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दृष्टिगत पूरी सावधानी और सतर्कता बरतते हुए विकास कार्य निरन्तर संचालित रहें। उन्होंने कहा कि कोरोना का खतरा बराबर बना हुआ है। कोरोना के सम्बन्ध में जागरूकता उत्पन्न करने का कार्य निरन्तर किया जाए। कानपुर नगर में कोरोना का संक्रमण हर हाल में नियंत्रित किया जाए। प्रत्येक जनपद में एल-2 कोविड अस्पताल कार्यशील रहें। जनपदों में वेंटिलेटर, एचएफएनसी (हाई फ्लो नेजल कैन्युला) उपलब्ध कराए गए हैं। एल-2 अस्पताल में हर बेड पर ऑक्सीजन की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। वेंटिलेटर कार्यशील रहें। उन्होंने कहा कि जनपद फर्रुखाबाद में कोविड एल-2 अस्पताल तथा कानपुर में एल-3 डेडिकेटेड कोविड हाॅस्पिटल बनाने के लिए तेजी से कार्य किया जाए।

Share this story