साक्षी-चानू सहित 29 खिलाड़ियों की अर्जुन पुरस्कार के लिए सिफारिश

साक्षी-चानू सहित 29 खिलाड़ियों की अर्जुन पुरस्कार के लिए सिफारिश

Newspoint24.com/newsdesk/

नयी दिल्ली। भारतीय क्रिकेटर इशांत शर्मा और देश के सर्वोच्च खेल सम्मान राजीव गांधी खेल रत्न से सम्मानित हो चुकी महिला पहलवान साक्षी मलिक तथा महिला भारोत्तोलक मीराबाई चानू सहित 29 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार देने की सिफारिश की गई है। खेल मंत्रालय की 12 सदस्यीय अवार्ड समिति ने अर्जुन पुरस्कार के लिए 29 खिलाड़ियों के नामों की सिफारिश की है जिन पर अंतिम फैसला केंद्रीय खेल मंत्री किरेन रिजिजू को लेना है।

आमतौर पर 15 से 20 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार दिए जाते है लेकिन समिति ने 29 नामों की भारी-भरकम सूची खेल मंत्रालय को भेजी है। इन खिलाड़ियों में तीरंदाज अतानु दास, महिला हॉकी खिलाड़ी दीपिका ठाकुर और टेनिस खिलाड़ी दिविज शरण भी शामिल हैं। यह भी दिलचस्प है कि समिति ने दो ऐसी खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार के लिए चुना है जिन्हें पहले ही देश का सर्वोच्च खेल सम्मान राजीव गांधी खेल रत्न दिया जा चुका है।

साक्षी को 2016 में रियो ओलम्पिक में कांस्य पदक जीतने के बाद खेल रत्न प्रदान किया गया था जबकि विश्व चैंपियन बनने वाली भारोत्तोलक मीराबाई चानू को 2018 में भारतीय क्रिकेट कप्तान विराट कोहली के साथ खेल रत्न दिया गया था। अब खेल मंत्री को यह देखना होगा कि खेल रत्न से सम्मानित खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार दिया जाए या नहीं। अर्जुन अवॉर्ड के लिए 215 खिलाड़ियों ने नाम भेजे थे। इस साल के अर्जुन अवॉर्ड के लिए जनवरी 2016 से दिसंबर 2019 तक के प्रदर्शन पर विचार किया गया।

अर्जुन पुरस्कार के लिए सिफारिश किये गए नामों की सूची इस प्रकार है:

इशांत शर्मा (क्रिकेट), मनु भाकर (निशानेबाजी), सौरभ चौधरी (निशानेबाजी), दीपिका ठाकुर (हाॅकी), अतानु दास (तीरंदाजी), दीपक हुड्डा (कबड्डी), दिविज शरण (टेनिस), मीराबाई चानू (भारोत्तोलन), साक्षी मलिक (कुश्ती), चिराग शेट्टी (बैडमिंटन), सात्विकसैराज रेंकीरेड्डी (बैडमिंटन), दत्तु भोकानल (रोइंग), लवलीना बोगोहेन (मुक्केबाजी), आकाशदीप सिंह (हॉकी), दीप्ति शर्मा (क्रिकेट), मनीष कौशिक (मुक्केबाजी ), रूपिंदर पाल सिंह (हॉकी), अरपिंदर सिंह (एथलेटिक्स), विरेंद्र लाकड़ा (हाॅकी), दीप ग्रेस एक्का (हॉकी), हिमा दास (एथलेटिक्स), मंजीत सिंह (एथलेटिक्स), सुखमीत सिंह (रोइंग), मनन चंद्रा (स्नूकर), राहुल अवारे (कुश्ती), मधुलिका पाटकर (टेबल टेनिस), सोनिया लाथर (मुक्केबाजी)

Share this story