राहुल प्रियंका हिरासत से रिहा हुए दिल्ली वापस लौटे

राहुल प्रियंका हिरासत से रिहा हुए दिल्ली वापस लौटे

Newspoint24.com/newsdesk/


नोएडा। उत्तर प्रदेश के हाथरस में हैवानियत की शिकार लड़की के परिजनों से मिलने के निकले कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को पुलिस ने यमुना एक्सप्रेस वे पर हिरासत में ले लिया जिसके बाद दोनो को वापस दिल्ली का रूख करना पड़ा।

श्री गांधी अपनी बहन एवं पार्टी महासचिव प्रियंका के साथ काफिले के रूप में हाथरस के लिये निकले थे लेकिन ग्रेटर नोएडा में उनका रास्ता पुलिस ने रोक दिया और हाथरस जिले में निषेधाज्ञा का हवाला देते हुये वापस लौट जाने को कहा लेकिन दोनो नेता पुलिस की अपील की अनसुना करते हुये चिलचिलाती धूप में समर्थकों के साथ यमुना एक्सप्रेस वे पर पैदल ही चल दिये।
अभी वे दो तीन किमी ही चले थे कि पुलिस ने एक बार फिर उनका रास्ता रोक लिया और वापस जाने की अपील की। पैदल मार्च को लेकर कांग्रेसी नेताओं की पुलिस से नोकझोंक हुयी। इस दौरान श्री गांधी धक्कामुक्की के दौरान लड़खड़ा गये जिसे साथ चल रहे समर्थकों और सुरक्षाकर्मियों ने संभाला। बाद में पुलिस राहुल प्रियंका को ग्रेटर नोएडा के एक गेस्ट हाउस में ले गयी जहां देर शाम दोनो को रिहा कर दिया गया।


रिहा होने के बाद श्रीमती वाड्रा ने हाथरस में पीड़िता के पिता और जिलाधिकारी की बातचीत के एक वीडियो के साथ ट्वीट किया “ यूपी सरकार किसी को पीड़िता के गांव जाने से क्यों रोक रही है उसका जवाब यहां है। पीड़िता के परिवार को हाथरस डीएम जाकर धमका रहे हैं। न मीडिया जा पायेगा, न हम लोग तो यूपी सरकार पीड़िता के परिवार को खुलकर धमका पाएगी। ये लोग अत्याचारी हैं। ”
हाथरस में सामूहिक बलात्कार और हैवानियत की शिकार पीड़िता की मंगलवार को दिल्ली के सफदरगंज अस्पताल में मृत्यु हो गयी थी जिसके बाद हाथरस जिला प्रशासन ने परिजनो के विरोध के बावजूद उसका अंतिम संस्कार बुधवार बीच रात करीब ढाई बजे कर दिया था।


कांग्रेस ने घटना का कड़ा विरोध जताते हुये बुधवार को राज्यव्यापी प्रदर्शन किया था और श्रीमती वाड्रा ने फोन पर पीड़िता के परिजनों से बात की थी। इसी कड़ी में गुरूवार को प्रियंका और राहुल काफिले के साथ हाथरस में पीड़िता के परिजनों से मिलने के लिये निकले लेकिन उनके काफिले को ग्रेटर नोएडा पुलिस ने रोक लिया, जिसके बाद वे पैदल ही हाथरस के लिये निकल गये।
पार्टी के मीडिया संयोजक ललन कुमार ने बताया कि प्रियंका और राहुल हाथरस कांड के पीड़ित परिवार से मुलाकात करने जा रहे थे कि पुलिस ने उनके काफिले को परी चौक इलाके में रोक लिया। यमुना एक्सप्रेस वे पर रोके जाने के बाद प्रियंका और राहुल पैदल ही हाथरस के लिये रवाना हो गये। अभी वे दो तीन किमी ही चले थे कि पुलिस ने उनका रास्ता फिर रोक लिया और वापस जाने को कहा।


श्री गांधी के आगे जाने पर अडिग रहने से पुलिस अधिकारियों के साथ उनकी नोकझोंक भी हुयी। इस बीच पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष लड़खड़ा कर गिर गये। उनके साथ चल रहे सुरक्षाकर्मियों ने उन्हे किसी तरह संभाला। बाद में पुलिस राहुल और प्रियंका को साथ लेकर चली गयी। दोनो नेताओं को ग्रेटर नोएडा के फार्मूला वन गेस्ट हाउस में रखा गया है।
श्रीमती वाड्रा ने ट्वीट किया “ हाथरस जाने से हमें रोका। राहुल जी के साथ हम सब पैदल निकले तो बारबार हमें रोका गया, बर्बर ढंग से लाठियाँ चलाईं। कई कार्यकर्ता घायल हैं। मगर हमारा इरादा पक्का है। एक अहंकारी सरकार की लाठियाँ हमें रोक नहीं सकतीं। काश यही लाठियाँ, यही पुलिस हाथरस की दलित बेटी की रक्षा में खड़ी होती।”
उन्होने पत्रकारों से कहा कि उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है । लड़कियों और महिलाओं पर अत्याचार हो रहा है लेकिन संवेदनहीन योगी सरकार आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।


इससे पहले श्रीमती वाड्रा ने पीड़िता के पिता के बयान से सबंधित वीडियो के साथ ट्वीट किया “ हाथरस की बेटी के पिता का बयान सुनिए। उन्हें जबरदस्ती ले जाया गया। सीएम से वीसी के नाम पर बस दबाव डाला गया। वो जांच की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हैं। अभी पूरे परिवार को नजरबंद रखा है। बात करने पर मना है। क्या धमकाकर उन्हें चुप कराना चाहती है सरकार। अन्याय पर अन्याय हो रहा है।”
उन्होने एक अन्य ट्वीट में कहा “हाथरस जैसी वीभत्स घटना बलरामपुर में घटी। लड़की का बलात्कार कर पैर और कमर तोड़ दी गई। आजमगढ़, बागपत, बुलंदशहर में बच्चियों से दरिंदगी हुई। यूपी में फैले जंगलराज की हद नहीं। मार्केटिंग, भाषणों से कानून व्यवस्था नहीं चलती। ये मुख्यमंत्री की जवाबदेही का वक्त है। जनता को जवाब चाहिए।”

Share this story