प्रधानमंत्री ने बंगाल को दिया 1,000 करोड़ ओडिशा के लिए 500 करोड़ रुपये राहत पैकेज की घोषणा की

प्रधानमंत्री ने बंगाल को दिया 1,000 करोड़ ओडिशा के लिए 500 करोड़ रुपये राहत पैकेज की घोषणा की

Newspoint 24.com / newsdesk / हि.स. /ओम प्रकाश


कोलकाता । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चक्रवात ‘अम्फन’ से प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करने के बाद बंगाल के लिए 1,000 करोड़ रुपये और ओडिशा के लिए 500 करोड़ रुपये राहत पैकेज की घोषणा की है। शुक्रवार को पीएम ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और राज्यपाल जगदीप धनखड़ के साथ उत्तर और दक्षिण 24 परगना के चक्रवात प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया। इसके बाद बसीरहाट कॉलेज मैदान में सीएम के साथ समीक्षा बैठक भी हुई जहां उन्होंने नुकसान का आकलन किया। पीएम ने चक्रवात में मारे गए मृतकों के परिजनों को दो लाख और घायलों को तत्काल 50 हजार की सहायता राशि देने की घोषणा की।

इसके बाद प्रधानमंत्री मीडिया से मुखातिब हुए। उन्होंने घोषणा की कि पश्चिम बंगाल के चक्रवात प्रभावित लोगों की सुविधा और जरूरतों की पूर्ति के लिए एक हजार करोड़ रुपये का आर्थिक पैकेज केंद्र सरकार देगी। उन्होंने कहा कि यह तत्काल सहायता है। इसके अलावा केंद्र सरकार और भी आवश्यक मदद करती रहेगी। उन्होंने कहा कि वह पश्चिम बंगाल के अपने भाइयों और बहनों को विश्वास दिलाते हैं कि इस कठिन समय में पूरा देश उनके साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि जब देश कोरोना वायरस संकट से जूझ रहा था ऐसे समय में चक्रवात ने बंगाल और ओड़िशा समुद्र तटीय क्षेत्रों को प्रभावित किया है। पश्चिम बंगाल के लोग इस से सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं। केंद्र सरकार मजबूती से बंगाल के लोगों के साथ खड़ी रहेगी।

प्रधानमंत्री शुक्रवार सुबह 11:00 बजे दमदम हवाई अड्डे पर उतरे थे जहां मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने उनकी अगवानी की। वहां से हेलीकॉप्टर के जरिए हवाई सर्वेक्षण करने के लिए पहुंचे थे। करीब एक घंटे तक घूमते रहे और प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेते रहे। इसके बाद प्रधानमंत्री ओडिशा जाएंगे जहां हवाई सर्वेक्षण कर चक्रवात प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का आकलन करेंगे।

उल्लेखनीय है कि इस वर्ष पश्चिम बंगाल में प्रधानमंत्री की यह दूसरी यात्रा थी। प्रधान मंत्री ने इस वर्ष की शुरुआत में 11-12 जनवरी को पश्चिम बंगाल का दौरा किया था, जिसमें उन्होंने कोलकाता पोर्ट ट्रस्ट की 150 वीं वर्षगांठ समारोह में भाग लिया था। वह कोलकाता में राष्ट्र की चार पुनर्निर्मित इमारतों को समर्पित था और बेलूर मठ भी गए थे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के बाद ओडिशा के चक्रवात ‘अम्फन’ से प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों और राज्य मंत्री के साथ हवाई अड्डे के सम्मेलन कक्ष में समीक्षा बैठक की। स्थिति की समीक्षा करने के बाद पीएम ने ओडिशा के लिए 500 करोड़ रुपये की घोषणा की।

प्रधान मंत्री ने कहा कि भारत सरकार पूर्ण सर्वेक्षण और पुनर्वास योजना के गठन के बाद ओडिशा सरकार की मदद करेगी और इस संकट से बाहर निकलने के लिए बाकी इंतजाम करेगी। उन्होंने ओडिशा के लोगों के साथ एकजुटता दिखाते हुए चक्रवात की वजह से हुई मौतों के लिए गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायल लोगों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। जब देश में हर कोई कोविड-19 से लड़ रहा है तो ऐसे समय में भारत के कुछ हिस्सों में एक सुपर चक्रवात था। यह बहुत चिंताजनक था लेकिन ओडिशा में अच्छी तरह से स्थापित प्रक्रियाओं के कारण कई लोगों की जान बच गई। इस मुश्किल घड़ी में धीरज रखने के लिए मैं ओडिशा के लोगों और सरकार को बधाई देता हूं।

उन्होंने कहा कि आज की बैठक में राज्य सरकार ने नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी है। हाउसिंग, कृषि, ऊर्जा, कम्युनिकेशन आदि के क्षेत्र में भारी नुकसान हुआ है। राज्य सरकार इस बारे में पूर्ण रिपोर्ट भेजेगी। इसके बाद केन्द्रीय टीम भी ओडिशा आकर नुकसान का जायजा लेगी। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी विपदा आने के बाद नुकसान तो होता ही है, इस कारण यहां भी काफी नुकसान हुआ है। पूरी रिपोर्ट व पुनर्वास य़ोजना के बाद राज्य सरकार के साथ केन्द्र सरकार कंधे से कंधा मिला कर कार्य करेगी।

Share this story