महाराष्ट्र में 4.68 लाख के पार हुई कोरोना मरीजों की संख्या, रिकवरी दर में गिरावट

महाराष्ट्र में 4.68 लाख के पार हुई कोरोना मरीजों की संख्या, रिकवरी दर में गिरावट

Newspoint24.com/newsdesk/

मुंबई। देश में कोरोना महामारी से सबसे गंभीर रूप से प्रभावित महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों के दौरान 10 हजार से अधिक 10,309 नये मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या बुधवार की रात बढ़कर 4.68 लाख के पार पहुंच गयी लेकिन चिंता की बात यह है कि इसके साथ ही मरीजों की रिकवरी दर में आंशिक गिरावट दर्ज की गयी है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार राज्य में अब तक 4,68,265 लोग इस महामारी की चपेट में आए हैं। इस दौरान 334 और लोगों की इससे मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 16,476 हो गयी है। राज्य में इस अवधि में 6,165 लोग रोगमुक्त हुए हैं जिसके बाद स्वस्थ होने वालों की कुल संख्या 3,05,521 हो गयी है।

राज्य में मरीजों के स्वस्थ होने की दर आज आंशिक कमी के साथ घट कर 65.24 फीसदी रह गई जो मंगलवार को 65.36 प्रतिशत पहुंच गयी थी जबकि मरीजों की मृत्यु दर भी घटकर 3.51 प्रतिशत पर आ गई।

सूत्रों के मुताबिक राज्य में कुल सक्रिय मामलों की संख्या आज 1,45,961 रही जो मंगलवार को 1,42,151 रही थी। सभी मरीजों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज किया जा रहा है। राज्य में अब तक 24,13,510 लोगों की कोरोना जांच की जा चुकी है। राज्य में फिलहाल 9,43,658 लोग होम क्वारंटीन हैं जबकि 36,466 लोग संस्थागत क्वारंटीन में हैं। गौरतलब है कि महाराष्ट्र पूरे देश में कोरोना संक्रमण और मौत के मामले में पहले स्थान पर है।

Share this story