हवाई यात्रियों की संख्या डेढ़ लाख के पास पहुँची

हवाई यात्रियों की संख्या डेढ़ लाख के पास पहुँची

Newspoint24.com/newsdesk/

नयी दिल्ली । पूर्णबंदी के बाद पहली बार रविवार को देश में हवाई यात्रियों की संख्या डेढ़ लाख के करीब पहुँच गई।
नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने आज एक ट्वीट में लिखा “घरेलू मार्गों पर कोविड-19 पूर्व स्तर पर पहुँचने की हमारी यात्रा जारी है। गत 20 सितंबर को 1,384 उड़ानों में 1,49,371 यात्रियों ने सफर किया।”

श्री पुरी ने यह भी बताया कि पूर्ण बंद के उपरांत उड़ानें दुबारा शुरू होने से अब तक 95 लाख से अधिक लोग विमान सफर कर चुके हैं।
सरकार ने कोविड-19 महामारी का संक्रमण रोकने के लिए 25 मार्च को देश में किसी भी तरह की नियमित यात्री उड़ानों के परिचालन पर प्रतिबंध लगा दिया था। दो माह बाद 25 मई को घरेलू उड़ानें दुबारा शुरू हुई हैं। धीरे-धीरे उड़ानों और यात्रियों की दैनिक संख्या बढ़ रही है। रविवार को पहली बार यात्रियों की संख्या डेढ़ लाख के करीब पहुँची है।

Share this story