टीम में कई जगहों पर सुधार की जरूरत : धोनी

टीम में कई जगहों पर सुधार की जरूरत : धोनी

Newspoint24.com/newsdesk/

अबु धाबी। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2020 के पहले मैच में मुम्बई इंडियंस के खिलाफ पांच विकेट से मिली जीत के बावजूद चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का मानना है कि उनकी टीम में अभी भी सुधार की गुंजाइश है।  

मैच के बाद धोनी ने कहा, “आप स्थिति को परखना चाहते हैं और अपना सर्वश्रेष्ठ देना चाहते हैं। मुझे लगा कि हमें यह समझने में थोड़ा समय लगा कि इन परिस्थतियों में किस तरह की गेंदबाजी करनी है। मुंबई के बल्लेबाजों ने अच्छी बल्लेबाजी की, वह दबाव बनाने में सफल रहे। कुल मिलाकर देखा जाए तो कई सकारात्मक चीजें रहीं लेकिन कई जगहों पर हमें सुधार करना है।

धोनी ने कहा कि टीम के अधिकतर खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं और इसलिए वो इस बात से खुश हैं कि उनकी टीम का कोई खिलाड़ी चोटिल नहीं हुआ है। कप्तान ने कहा, कुल मिलाकर पहला मैच काफी अच्छा रहा और किसी को किसी तरह की चोट नहीं लगीं- हम में से अधिकतर लोग संन्यास ले चुके हैं। आपको युवाओं और अनुभवी खिलाड़ियों का मिश्रण चाहिए होता है। युवाओं को आईपीएल में जिस बात से सबसे ज्यादा फायदा होता है वो है कि यहां काफी सारे सीनियर खिलाड़ी हैं जो अलग-अलद देशों से आते हैं और 60-70 दिन यहां बिताते हैं।

बता दें कि आईपीएल के पहले मैच में मुम्बई के खिलाफ 163 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए चेन्नई की टीम ने 19.2 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया था। चेन्नई की तरफ से  रायडू ने 48 गेंदों पर 71 रनों की पारी खेली और फाफ डु प्लेसिस ने नाबाद 58 रन बनाए। इन दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 115 रन जोड़े। यह साझेदारी तब हुई जब टीम ने अपने दो विकेट महज छह रनों पर ही खो दिए थे। रायडू को उनकी पारी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।

Share this story