मुंबई पुलिस ने रचनात्मक तरीके से दी महेंद्र सिंह धोनी को जन्मदिन की बधाई

मुंबई पुलिस ने रचनात्मक तरीके से दी महेंद्र सिंह धोनी को जन्मदिन की बधाई

Newspoint24.com/newsdesk/

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी आज अपना 39वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस अवसर पर मुंबई पुलिस ने धोनी को एक रचनात्मक पोस्ट के जरिए बधाई दी। मुंबई पुलिस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से धोनी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए लोगों को इस कोरोना काल में सोशल डिस्टेंसिंग का महत्वपूर्ण संदेश दिया। मुंबई पुलिस की इस ट्वीट में एक स्टेडियम का फोटो है जिसमें क्रिकेट के स्टंप, बैट, बॉल और ग्लव्ज नजर आ रहे हैं और इनके साथ एमएसडी लिखा हुआ है। इस ट्वीट में एमएसडी का मतलब महेंद्र सिंह धोनी नहीं, बल्कि मेंटेन सोशल डिस्टेंसिंग है।

ट्वीट में एमएसडी लेटर्स को सोशल डिस्टेंसिंग के महत्व को समझाने के लिए दूर दूर लिखा गया है। इसमें एम के नीचे मेंटेन,एस के नीचे सोशल और डी के नीचे डिस्टेंसिंग लिखा गया है। ट्वीट में इन शब्दों के साथ लिखा है, इसे माही के तरीके से करों – स्टे ‘नॉट आउट’, स्टे कूल एंड स्टम्प,हैप्पी बर्थडे कैप्टन कूल।” मुंबई पुलिस का यह कलात्मक बधाई संदेश देखते ही देखते सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय हो गया है।

बता दें कि भारत के महान कप्तानों में से एक धोनी को विश्व क्रिकेट का सबसे बड़ा फिनिशर भी कहा जाता है। धोनी की ही कप्तानी में टीम ने टी-20 विश्व कप-2007 जीता और फिर 2011 में वनडे विश्व कप भी अपनी झोली में डाला। धोनी ने भारत के लिए अब तक 90 टेस्ट, 350 वनडे और 98 टी 20 मैच खेले हैं।

Share this story