कम्युनिटी किचन के कर्मचारी ने गोली मार कर दी जान

कम्युनिटी किचन के कर्मचारी ने गोली मार कर दी जान

Newspoint24.com/newsdesk/


मेरठ । गुरुवार की देर रात भावनपुर थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपने घर में गोली मारकर अपनी जान दे दी। मृतक कम्युनिटी किचन का कर्मचारी था। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

जानकारी के मुताबिक भोपाल विहार निवासी जोगिंदर और उसका 19 वर्षीय पुत्र विशाल लॉकडाउन से पहले चाट का ठेला लगाते थे। परिजनों के मुताबिक लॉकडाउन के बाद से दोनों पिता-पुत्र कंकरखेड़ा स्थित कम्युनिटी किचन में काम कर रहे थे। बताया जाता है कि गुरुवार की शाम विशाल की मां सुधा ने किसी बात पर विशाल को डांट दिया। जिसके बाद रात को विशाल घर के प्रथम तल पर स्थित अपने कमरे में जाकर सो गया। देर रात कमरे से गोली के धमाके की आवाज सुनकर परिजन विशाल के कमरे में पहुंचे। कमरे में विशाल का खून से लथपथ शव देख परिवार के लोगों में कोहराम मच गया।

विशाल ने अपनी कनपटी से तमंचा सटाकर गोली मारी थी। शव के पास ही मृतक का मोबाइल और तमंचा भी बरामद हुआ। जानकारी के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। विशाल के पिता जोगिंदर ने बताया कि मृतक युवक काफी जिद्दी प्रवृत्ति का था। अपनी बात मनवाने के लिए वह कुछ भी करने पर उतारू हो जाता था। फिलहाल पुलिस घटना की जांच में जुटी है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया।

Share this story