मनोज सिन्हा होंगे जम्मू-कश्मीर के नये उपराज्यपाल

मनोज सिन्हा होंगे जम्मू-कश्मीर के नये उपराज्यपाल

Newspoint24.com/newsdesk/


नयी दिल्ली वार्ता राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री मनोज सिन्हा को जम्मू-कश्मीर का नया उपराज्यपाल नियुक्त किया है।

राष्ट्रपति भवन की ओर से गुरुवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार श्री काेविंद ने गिरीश चन्द्र मुर्मू का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है और श्री सिन्हा को केन्द्र शासित प्रदेश का नया उपराज्यपाल नियुक्त किया है।

इससे पहले बुधवार को श्री मुर्मू ने जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल पद से इस्तीफा दे दिया था। सूत्रों के मुताबिक श्री मुर्मू को दिल्ली में कोई अन्य जिम्मेदारी एवं पद दिए जाने की संभावना है।
एक जुलाई 1959 को उत्तर प्रदेश के वाराणसी में जन्में श्री सिन्हा ने बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) से बी.टेक और एम.टेक की डिग्री हासिल की है। श्री सिन्हा ने छात्र जीवन से ही राजनीति की शुरुआत कर दी थी। वह बीएचयू के छात्र संघ के अध्यक्ष भी रहे। श्री सिन्हा पहली बार वर्ष 1996 में 11वीं लोक सभा के लिए निर्वाचित हुए। इसके बाद 1999 में वह 13वीं लोक सभा के लिए निर्वाचित होकर दूसरी बार सांसद बने। 1999 से 2000 के मध्य वे योजना तथा वास्तुशिल्प विद्यापीठ की महापरिषद के सदस्य रहे तथा शासकीय आश्वासन समिति तथा ऊर्जा समिति के सदस्य भी रहे। वर्ष 2014 में 16वीं लोक सभा के लिए उत्तर प्रदेश के गाजीपुर निर्वाचन क्षेत्र से तीसरी बार निर्वाचित हुए। हालांकि 2019 में 17वीं लोकसभा के लिए हुए चुनाव में श्री सिन्हा हार गए थे।
श्री सिन्हा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केन्द्र सरकार में दूरसंचार और रेल राज्य मंत्री के रूप में कार्य किया है।
श्री सिन्हा की छवि ‘विकास पुरुष’ की मानी जाती है और उनकी गिनती योग्य एवं कर्मठ नेताओं में होती है।

Share this story