चुनाव जीतने के लिए नक्सलियों की मदद ले रही हैं ममता : विजयवर्गीय

चुनाव जीतने के लिए नक्सलियों की मदद ले रही हैं ममता : विजयवर्गीय

Newspoint24.com/newsdesk/

कोलकाता । पश्चिम बंगाल के जंगलमहल इलाके में माओवादी गतिविधियां बढ़ने की खबरों के बीच भाजपा के महासचिव व प्रदेश भाजपा के केंद्रीय प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय रविवार को जंगलमहल इलाके में पहुंचे और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कीं। उन्होंने आरोप लगाया कि ममता जी चुनाव जीतने के लिए नक्सलियों की मदद ले रही हैं। माओवादी पुलिस के साथ घूमकर भय-आतंक फैला रहे हैं। हमारे कार्यकर्ता शेर की तरह डटे हुए हैं। विजयवर्गीय रविवार को झाड़ग्राम लोकसभा क्षेत्र के जिला पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की।

उस बैठक में भाजपा की केंद्रीय कमेटी के सदस्य मुकुल राय, पुरुलिया के सांसद व प्रदेश महासचिव ज्योतिर्मय सिंह महतो व झाड़गाम के सांसद कुनार हेमब्रम सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि इलाके में फिर से माओवादियों को सक्रिय करने की कोशिश की जा रही है। माओवादियों का भय दिखाकर आतंक पैदा करने की कोशिश की जा रही है। 2019 के लोकसभा में शर्मनाक पराजय के बाद 2021 के विधानसभा चुनाव के पहले ममता जी ने साफ निर्देश दिया है कि जंगलमहल को दखल करना होगा, लेकिन जंगलमहल की जनता भाजपा के साथ है। उन्होंने कहा कि 2021 में भाजपा की जीत सुनिश्चित है। जंगलमहल इलाके में लगातार भाजपा का जनाधार बढ़ा है।

उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस ने राज्य कमेटी में माओवादी नेता छत्रधर महतो को शामिल किया है। इससे साफ है कि तृणमूल कांग्रेस का माओवादियों के साथ क्या संबंध हैं, लेकिन इसका तृणमूल कांग्रेस के लोगों को काई लाभ नहीं मिलेगा। कलना में भाजपा नेता की हत्या पर टिप्पणी करते हुए विजयवर्गीय ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता रॉबिन पॉल पर तृणमूल कांग्रेस के गुंडों ने हमला करके उन्हें मार डाला। ये हिंसा की राजनीति चरम है। ममता सरकार से संरक्षण पाये गुंडे अपना आतंक फैलाकर भाजपा को डराना चाहते हैं पर, हम डरेंगे नहीं, आखिर ये आराजक राज कब तक चलेगा।

Share this story