महाराष्ट्र में लॉकडाउन 31 जुलाई तक बढ़ाया गया

महाराष्ट्र में लॉकडाउन 31 जुलाई तक बढ़ाया गया

Newspoint24.com/newsdesk/

मुंबई । महाराष्ट्र सरकार ने राज्य में कोविड-19 के बढ़ते मामलों के मद्देनजर लॉकडाउन को 31 जुलाई तक बढ़ाने का ऐलान सोमवार को किया। जहां सभी मौजूदा लॉकडाउन शर्ते जारी रहेगी, वहीं सरकार अगले महीने धीरे-धीरे प्रतिबंधों में ढील देगी।

इस अवधि के दौरान आवश्यक कार्यो व रोजगार की जरूरतों को छोड़कर किसी अन्य काम के लिए घर से बाहर जाने पर रोक रहेगी।

पिछले तीन दिनों से, राज्य में प्रतिदिन 5,000 से अधिक कोविड-19 मामले सामने आ रहे हैं जिससे कुल मामलों की संख्या 164,626 हो चुकी है और अब तक 7,429 लोगों की मौत हो चुकी है।

 महाराष्ट्र के मुख्यसचिव अजोय मेहता ने राज्य में कोरोना की स्थिति को देखते हुए 31 जुलाई तक लॉकडाउन जारी रखने का आदेश जारी किया है। नई नियमावली के तहत नागरिकों को अपने घर की 2 किलोमीटर तक की परिधि में ही आने-जाने की छूट दी जाएगी। साथ ही कोरोना प्रतिबंधित क्षेत्रों में इसका कठोरता से पालन किए जाने का भी आदेश जारी किया गया है। 

राज्य में इससे पहले लॉकडाउन में दी गई छूट को कायम रखा गया है। इससे पहले निजी कार्यालयों में 10 फीसदी कर्मचारियों की उपस्थिति को अनुमति दी गई थी। जबकि नई नियमावली में निजी कार्यालयों में 30 फीसदी तक कर्मचारी उपस्थित रह सकेंगे। इसी प्रकार लॉकडाउन के दौरान रात 9 बजे से सुबह 5 बजे तक कफ्र्यू का पालन अनिवार्य किया गया है।

जिन क्षेत्रों में कोरोना मरीजों की संख्या खत्म हो गई है, उस क्षेत्र में दुकानों को सम विषम तर्ज पर  छूट दी जाएगी। इसी तरह जिन क्षेत्रों में कोरोना के मरीज सर्वाधिक हैं,उन क्षेत्रों में लॉकडाउन का कठोरता से पालन किया जाएगा। लॉकडाउन के दौरान लोगों को सिर्फ आवश्यक कार्य हेतु ही घर से सिर्फ दो किलोमीटर परिधि के अंदर आने जाने की छूट दी गई है। इस दौरान लोगों को मास्क तथा सामाजिक दूरी का पालन करना अनिवार्य किया गया है। इसी तरह की कड़ाई वाहनों की आवाजाही पर किए जाने का आदेश जारी किया गया है। प्रतिबंधित क्षेत्रों में अत्यावश्यक वस्तुओं की दुकान, मेडिकल व दूध की दुकान तथा आटा चक्की को ही अनुमति दी गई है। 


मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने रविवार को संकेत दिया था कि राज्य में जुलाई महीने में भी लॉकडाउन जारी रहने वाला है। इसके अनुसार सोमवार को मुख्य सचिव अजोय मेहता ने राज्य में कोरोना मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए लॉकडाउन 31 जुलाई तक बढ़ाने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ने लॉकडाउन में धीरे-धीरे छूट दिए जाने की भी बात कही है। 

Image

Share this story