कोरोना संक्रमण मामले में भारत विश्व में दूसरे स्थान पर

कोरोना संक्रमण मामले में भारत विश्व में दूसरे स्थान पर

Newspoint24.com/newsdesk/


नयी दिल्ली। देश में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस (कोविड-19) के 76 हजार से अधिक नये मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या शनिवार की रात बढ़कर 40.96 लाख के पार पहुंच गयी और इसके साथ ही भारत ब्राजील को पीछे छोड़ते हुए दूसरे स्थान पर पहुंच गया है।


विभिन्न राज्यों से प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक आज देर रात तक 76,496 नये मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या बढकर 40,96,695 हो गयी है। इस दौरान 923 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या 70,558 हो गयी है।


विश्व में कोरोना से प्रभावित देशों में अभीतक दूसरे नंबर पर चल रहे ब्राजील में अब तक 40,91,801 लोग इसकी चपेट में आ चुके हैं जबकि 1,25,502 लोगों की मौत हो चुकी है।
अमेरिका की जॉन हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के विज्ञान एवं इंजीनियरिंग केन्द्र (सीएसएसई) की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार कोरोना से विश्वभर में अब तक 26,521,304 लोग संक्रमित हुए हैं और 8,73,260 लोगों की मौत हुई है।


संक्रमण मामले में पहले स्थान पर स्थित वैश्विक महाशक्ति माने जाने वाले अमेरिका में कोरोना से संक्रमित होने वालों की संख्या 62 लाख को पार कर 62,10,699 पर पहुंच गयी है और अब तक 187,874 लोगों की जान जा चुकी है।

देश के बढ़ते कहर के बीच राहत की बात यह है कि मरीजों के स्वस्थ होने की संख्या में भी वृद्धि जारी है और आज फिर से रिकवरी दर में आंशिक सुधार दर्ज किया गया।
महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक समेत विभिन्न राज्यों से मिली जानकारी के अनुसार आज देर रात तक रिकॉर्ड 83,455 नये मामले सामने आने से संक्रमितों का कुल आंकड़ा 41,03,694 तथा मृतकों की संख्या 70,633 हो गयी है।
चिंता की बात यह है कि स्वस्थ होने वाले मरीजों की तुलना में नये संक्रमितों में वृद्धि जारी है जिसके कारण सक्रिय मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। आज 13,746 मरीज बढ़ने से सक्रिय मामले बढ़कर 8,60,141 पहुंच गये।


इस दौरान 67,788 लोगों के स्वस्थ होने से संक्रमण मुक्त हाेने वालों का आंकड़ा 31,72,300 पर पहुंच गया।
देश में सक्रिय मामले 20.96 प्रतिशत और रोगमुक्त होने वालों की दर 77.30 प्रतिशत है जबकि मृतकों की दर 1.72 प्रतिशत है। स्वस्थ होने वाले मरीजों की दर गत दिवस के 77.25 प्रतिशत से सुधरकर आज 77.30 फीसदी पर पहुंच गयी।

महामारी से सबसे गंभीर रूप से प्रभावित महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों के दौरान संक्रमण के रिकॉर्ड 20,800 नये मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या आज रात बढ़कर 8,83,862 पहुंच गयी। राज्य में इस दौरान नये मामलों की तुलना में स्वस्थ हुए लोगों की संख्या में भी गिरावट दर्ज की गयी तथा इस दौरान 10,801 और मरीजों के स्वस्थ होने से संक्रमण से मुक्ति पाने वालों की संख्या 6,36,574 हो गयी है। इस दौरान 312 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 26,276 हो गयी है।


राज्य में मरीजों के स्वस्थ होने की दर आज घटकर 72.02 फीसदी रह गयी जो शुक्रवार को 72.51 प्रतिशत थी जबकि मरीजों की मृत्यु दर 2.97 फीसदी रह गयी।
राज्य में आज 9,683 मरीजों की बढ़ोतरी दर्ज किये जाने के बाद चिंता बढ़ गयी है। राज्य में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या आज 2,20,661 पहुंच गयी जो शुक्रवार को 2,10,978 रही थी।

Share this story