प्रशंसकों के साथ राष्ट्रीय खेल दिवस मनाएंगे हॉकी खिलाड़ी

प्रशंसकों के साथ राष्ट्रीय खेल दिवस मनाएंगे हॉकी खिलाड़ी

Newspoint24.com/newsdesk/

बेंगलुरु । भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीम के खिलाड़ी शनिवार (29 अगस्त) को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर अपने प्रशंसकों के साथ जुड़ेंगे और उन्हें खेल से जुड़ी कुछ चुनौतियां देंगे। महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती पर राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाता है।

सोशल मीडिया पर हॉकी खिलाड़ी प्रशंसकों को खेल की कुछ चुनौतियां का सामना करने के लिए प्रेरित करेंगे। हॉकी इंडिया सोशल मीडिया पर ऐसे कई वीडियो पोस्ट करेगा जिसमें कई खिलाड़ी प्रशंसकों को खेल की कुछ चुनौतियां देते नजर आएंगे।

हॉकी खिलाड़ी राजकुमार पाल ने कहा कि वह प्रशंसकों को खेल से जुड़े कुछ कौशल के माध्यम से प्रेरित करने को लेकर बहुत उत्साहित हैं। उन्होंने कहा, “राष्ट्रीय खेल दिवस हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण दिन है और हम इस दिन को हॉकी प्रशंसकों के साथ मनाने को लेकर बहुत उत्साहित हैं। खेल किसी भी व्यक्ति के जीवन का अभिन्न हिस्सा होता है और हर किसी को पेशेवर रूप से या शौक से कोई न कोई खेल खेलना चाहिए।”

भारतीय पुरुष हॉकी टीम के मिडफील्डर सुमित ने कहा कि इस चुनौती के माध्यम से खिलाड़ी विशेष दिन पर अपने प्रशंसकों से जुड़ेंगे। उन्होंने कहा, “खेल बिना अपने प्रशंसक के कुछ भी नहीं होता है इसलिए राष्ट्रीय खेल दिवस पर अपने प्रशंसकों से जुड़ने के लिए यह कौशल-चुनौती एक शानदार जरिया है। उम्मीद है प्रशंसक इसका आनंद लेंगे। हमें महान मेजर ध्यानचंद की जयंती मनाने का इससे बेहतर तरीका नहीं मिल सकता था। ”

भारतीय महिला हॉकी टीम की खिलाड़ी नवजोत कौर ने कहा कि वह अपने प्रशंसकों के साथ खेल से जुड़ी दिलचस्प चीजें साझा करने को लेकर बहुत उत्साहित हैं। नवजोत ने कहा, “मैं राष्ट्रीय खेल दिवस पर हमारे प्रशंसकों के साथ खेल से जुड़ी दिलचस्प चीजें साझा करने को लेकर बहुत उत्साहित हूं। हम जब भी कोई मैच खेलते हैं तो हमारे प्रशसंक बहुत समर्थन करते हैं और कौशल-चुनौती के माध्यम से उनसे जुड़ना वास्तव में बहुत अच्छा रहेगा।”

Share this story