हरियाणा- अस्पताल की लापरवाही से बदले शव, पुलिस ने सुलझाया मामला

हरियाणा- अस्पताल की लापरवाही से बदले शव, पुलिस ने सुलझाया मामला

Newspoint24.com/newsdesk/

फरीदाबाद। दिल्ली से सटे शहर फरीदाबाद में एक महिला व पुरूष की लाशों को लेकर ऐसा हडक़ंप मचा कि श्मशान भूमि में पुलिस को बुलाना पड़ा। पुलिस ने पहुंचकर इस मामले को सुलझाया। दरअसल हुआ यूं कि एक प्राइवेट अस्पताल ने ऐसा कारनामा दिखाया कि उनकी लापरवाही बड़ी खबर बन गई। अस्पताल में शवों की अदला बदली से ही इस सारे मामले की शुरूआत हुई। दरअसल अस्पताल द्वारा जिस परिवार को पुरूष का शव देना था, उसे महिला का शव थमा दिया। परिवार वाले भी यह शव लेकर चले गए। लेकिन उन्हें इसकी जानकारी रविवार की सुबह उस समय हुई, जब वह दाहसंस्कार के लिए पार्थिव शरीर को शमशान घाट लेकर पहुंचे। रविवार की सुबह सराय ख्वाजा के समीप श्मशान घाट में दाह संस्कार के लिए परिवार वालों ने अस्पताल से लाए गए चादर में लिपटे व्यक्ति के शव को खोलकर देखा तो वह बुरी तरह से चौक गए। वह शव पुरूष का ना होकर एक महिला का था। यह देखकर मृतक के परिजन हैरान व परेशान हो गए। उन्होंने तुरंत उक्त प्राईवेट अस्पताल वालों से संपर्क किया और सारी बात बताई। शव बदले जाने की खबर मिलते ही अस्पताल में भी अफरा तफरी मच गई। उन्होंने एंबुलेंस से तुरंत युवक का शव भेजा और महिला के शव को वापस करने के लिए कहा। लेकिन अस्पताल प्रशासन की इस बड़ी गलती से गुस्साए परिजनों ने महिला का शव देने से इंकार कर दिया। उन्होंने इस सारे मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने श्मशान घाट में पहुंचकर सारे मामले को सुना तो अस्पताल कर्मचारियों को जमकर हडक़ाया। खबर लिखे जाने तक इस सारे मामले की जांच जहां अस्पताल प्रशासन द्वारा की जा रही है, वहीं पुलिस भी मामले की तह तक जाने की कार्रवाई में जुट गई है।

Share this story