किसानों से एक-एक दाना खरीदा जायेगा-शिवराज

किसानों से एक-एक दाना खरीदा जायेगा-शिवराज

Newspoint24.com/newsdesk/

भोपाल | मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि किसान से एक-एक दाना खरीदा जाएगा।
श्री चौहान ने धान खरीदी के संबंध में आयोजित बैठक में कहा कि किसानों से एक-एक दाना खरीदा जायेगा। उन्होंने बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि समर्थन मूल्य पर खरीदी हो। उन्होंने कहा कि खरीदी केन्द्रों पर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
श्री चौहान ने अधिकारियों से कहा कि धान खरीदी से किसान लाभान्वित हों, उन्हें कोई कठिनाई न आए। साथ ही धान की गुणवत्ता का जरूर ध्यान रखा जाए लेकिन किसान का हित प्राथमिकता से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में समर्थन मूल्य से कम राशि किसान को ना मिले और उसे बिना परेशानी के उपार्जन प्रक्रिया का लाभ दिया जाए।
समीक्षा बैठक में कृषि मंत्री कमल पटेल सहित मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, कृषि उत्पादन आयुक्त के के सिंह, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव मनीष रस्तोगी, प्रमुख सचिव खाद्य फैज अहमद किदवई, एम डी मार्कफेड पी नरहरि, आयुक्त जनसंपर्क डॉ सुदाम खाडे और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में बताया गया कि प्रदेश में धान खरीदी के संबंध में विस्तृत निर्देश जारी किए जा रहे हैं। धान उत्पादक जिलों में विशेष व्यवस्था की जाएंगी। धान की खरीदी, किसानों को राशि के भुगतान और उपार्जित धान के भंडारण के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई।

Share this story