दिल्ली में कोरोना के सक्रिय मामलों में गिरावट

दिल्ली में कोरोना के सक्रिय मामलों में गिरावट

Newspoint24.com/newsdesk/

नयी दिल्ली । राजधानी में सोमवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 1,984 मामले फिर सामने आये जिससे संक्रमितों की संख्या 2.73 लाख के पार पहुंच गयी लेकिन राहत की बात यह है कि स्वस्थ लोगों की संख्या अधिक होने के कारण सक्रिय मामलों में गिरावट दर्ज की गयी।

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से आज जारी आंकड़ों के अनुसार राजधानी में संक्रमितों की संख्या 2,73,098 हो गई। इस दौरान 4,052 और मरीजों के स्वस्थ होने से अब तक कुल 2,40,703 लोग कोरोना वायरस को मात दे चुके हैं। इसी अवधि में कोरोना संक्रमण से 37 और मरीजों की मौत होने से इस महामारी से मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 5,272 हो गयी है।

दिल्ली में पिछले 24 घंटों में 36,302 लोगों जांच की गईं और इसमें पाॅजिटिव दर 5.4 प्रतिशत रही। यहां वायरस के कुल 29,61,056 नमूनों की जांच की जा चुकी है। राजधानी में प्रति 10 लाख पर जांच का औसत आंकड़ा 1,55,845 है। दिल्ली में कुल जांच में पाजिटिव दर 9.22 प्रतिशत पाई जा रही है।

राजधानी में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 2,105 और घट कर 27,123 रह गयी है। इनमें से होम आइसोलेशन में 16,669 हैं। दिल्ली में मृत्यु दर 1.93 प्रतिशत है।

संक्रमण के बढ़ते प्रकोप की रोकथाम के प्रयास में निषिद्ध क्षेत्रों की संख्या आज बढ़कर 2465 हो गयी है।

गौरतलब है कि राजधानी में पिछले दिनोेंं लगातार चार हजार से अधिक मामले सामने आ रहे थे।

Share this story