दिल्ली नगर निगम में उच्च पद के शिरोमणि अकाली दल पार्षदों को इस्तीफा देने का फरमान

दिल्ली नगर निगम में उच्च पद के शिरोमणि अकाली दल पार्षदों को इस्तीफा देने का फरमान


नयी दिल्ली। किसानों के मुद्दे पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन(एनडीए) से शिरोमणि अकाली दल(शिअद) के नाता तोड़ने के बाद अब उसकी दिल्ली इकाई ने राजधानी में भी भारतीय जनता पार्टी तथा एनडीए के साथ कोई संबंध न रखने का फैसला लिया है।

शिअद की दिल्ली इकाई की कोर कमेटी की सोमवार को यहां हुई बैठक में यह फैसला लिया गया। बैठक के बाद शिअद की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका ने संवाददाताओं को बताया कि पार्टी के सभी पार्षदों को निगम में हासिल किये गये उच्च पदों से इस्तीफा देने के लिए कहा गया है। दिल्ली में अकाली दल के पांच निगम पार्षद हैं, जिसमें से तीन के पास दिल्ली नगर निगम में उच्च पद हैं। उन्होंने कहा कि शिअद की दिल्ली इकाई अपने राष्ट्रीय नेतृत्व के समर्थन में खड़ी है, क्योंकि अकाली दल ने हमेशा किसानों के हक में आवाज बुलंद की है और आगे भी ऐसा करता रहेगा। उन्होंने कहा,“किसानों के लिए चाहे जितने त्याग करने पड़े, वे किये जायेंगे।”

उल्लेखनीय है कि राजिंदर नगर वार्ड से पार्षद परमजीत सिंह राणा उत्तरी दिल्ली नगर निगम में सामाजिक न्याय एवं कानून कमेटी के अध्यक्ष, कालकाजी वार्ड से पार्षद मनप्रीत कौर कालका दक्षिणी दिल्ली नगर निगम में लाइसेंस एवं तहबाजारी कमेटी की उपाध्यक्ष तथा जीटीबी नगर वार्ड से पार्षद राजा इकबाल सिंह उत्तरी दिल्ली नगर निगम के सिविल लाइंस जोन के अध्यक्ष हैं।

श्री कालका ने बताया कि सुश्री मनप्रीत कौर कालका ने सोमवार को कोर कमेटी की बैठक के बाद ही अपने उच्च पद से इस्तीफा दे दिया।

गौरतलब है कि किसानों के मुद्दे पर हाल ही में शिअद की वरिष्ठ नेता हरसिमरत कौर बादल ने केन्द्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था और शिअद भी एनडीए से अलग हो गया है।

Share this story