मुंबई फोर्ट में इमारत ढहने से मरने वालों की संख्या बढ़कर पांच हुई, दो शव की नहीं हुई पहचान

Newspoint24.com/newsdesk/

मुंबई, महाराष्ट्र। दक्षिण मुंबई के फोर्ट इलाके में 80 वर्ष पुरानी पांच मंजिला भानुशाली इमारत का हिस्सा ढह जाने से मरने वालों की संख्या पांच हो गयी और 20 लोग घायल हैं। मुंबई महानगर पालिका के आपदा नियंत्रण विभाग के अनुसार मरने वालों में कुसुम पी गुप्ता (45), ज्योत्सना पी गुप्ता (50) और पद्मलाल एम गुप्ता (51) शामिल हैं। दो शवों की शिनाख्त नहीं हो सकी है।

मुंबई में पिछले चार दिन से हो रही लगातार बारिश के कारण कल इमारत का यह हिस्सा ढह गया। कल शाम इमारत के मलबे के नीचे से निकाली गयी नेहा गुप्ता (45) को जे जे अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुयी है। बचाव कार्य जारी है अभी भी मलबे में 2-3 लोगों के दबे होने की आशंका है।

दूसरी इमारत पश्चिमी उपनगर मालाड़ के मालवनी इलाके में कल गिर गयी थी जिसमें दो लोगों की मौत हो गयी और 10 लोग घायल हो गये। दोनो ही घटनाओं में अब तक सात लोगों की मौत हो गयी और 30 लोग घायल हो गये।

मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे तथा आवास मंत्री जीतेन्द्र अव्हाड़, महापौर किशोरी पेडनेकर, मुबई नगर निगम आई एस चहल, पुलसि आयुक्त परम बीर सिंह और अन्य अधिकारियों ने दक्षिण मुंबई में घटनास्थल का दौरा किया।

Share this story