देश में कोरोना 24 लाख के पार, महामारी का वेग सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में

देश में कोरोना 24 लाख के पार, महामारी का वेग सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में

Newspoint24.com/newsdesk/

नयी दिल्ली। देश में गुरुवार काे कोरोना वायरस (कोविड-19) संक्रमण के 57 हजार से अधिक मामले सामने आने से संक्रमितों की संख्या 24 लाख के पार पहुंच गयी तथा 970 और लोगों की मौत होने से मृतकाें की तादाद 48 हजार से अधिक हो गयी लेकिन राहत की बात यह है मरीजों के स्वस्थ होने की दर 71 फीसदी से ऊपर निकल गयी है।

विभिन्न राज्यों से मिली जानकारी के अनुसार आज देर रात तक 57,694 नये मामले सामने आने से संक्रमितों की संख्या 24,53,165 हो गयी तथा मृतकों की संख्या 48,108 हो गयी है। स्वस्थ होने वालों की दर में निरंतर हो रही वृद्धि के बावजूद संक्रमण के नये मामले बढ़ने से देश में इस दौरान सक्रिय मामलों में 7,622 की बढ़ोतरी हुई जिससे इनकी संख्या 6,61,244 हो गयी है।

राहत की बात यह है कि इस दौरान 50,248 लोगों के स्वस्थ होने से संक्रमण मुक्त हाेने वालों की संख्या भी 17,46,108 पर पहुंच गयी। इस प्रकार स्वस्थ होने वाले मरीजों की दर बढ़कर आज 71.17 फीसदी हो गयी जो बुधवार को 70.74 प्रतिशत थी जबकि मृत्यु दर घटकर 1.96 फीसदी रह गयी।

राज्यों से प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक महाराष्ट्र में सबसे अधिक 11,813 नये मामले, इसके बाद आंध्र प्रदेश में 9,996 मामले, कर्नाटक में 6706 मामले, तमिलनाडु में 5,835 मामले, उत्तर प्रदेश में 4,537 मामले , बिहार में 3,906 मामले, पश्चिम बंगाल में 2,997, असम में 2,796 मामले, ओडिशा में 1,981, केरल में 1,564 तथा राजधानी दिल्ली में 956 नये मामले सामने आये।

महामारी से सबसे गंभीर रूप से प्रभावित महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों के दौरान 11,813 नये मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या गुरुवार रात बढ़कर 5,60,126 हो गयी लेकिन राहत की बात यह है कि इस दौरान 9,115 मरीजों के स्वस्थ होने से संक्रमण से मुक्ति पाने वालों की संख्या भी 3,90,958 हो गयी। इस दौरान 413 और लोगों की इससे मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 19,063 हो गयी है। राज्य में मरीजों के स्वस्थ होने की दर आज आंशिक वृद्धि के साथ बढ़कर 69.79 फीसदी पहुंच गयी जो बुधवार को 69.63 प्रतिशत रही थी जबकि मरीजों की मृत्यु दर भी घटकर 3.40 प्रतिशत पर आ गई।

महाराष्ट्र में सक्रिय मामलों में 2200 से अधिक वृद्धि चिंता का सबब बनी हुई है। राज्य में कुल सक्रिय मामलों की संख्या आज 1,49,798 रही। बुधवार को यह तादाद 1,47,513 रही थी। यानी सक्रिय मामलों में 2,285 मरीजों की वृद्धि दर्ज की गयी।

आंध्र प्रदेश में कोरोना के सक्रिय मरीजाें की संख्या में 415 की वृद्धि होने से सक्रिय मामले 90,840 हो गये हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान 9,996 नये मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या बुधवार को बढ़कर 2,64,142 हो गयी है। इस दौरान 82 और लोगों की मौत के बाद मृतकों का आंकड़ा 2,378 पहुंच गया है। इस अवधि में 9,499 मरीजों के स्वस्थ होने से रोग मुक्त लोगों की तादाद 1,70,924 तक पहुंच गयी है।


कर्नाटक में पिछले 24 घंटों के दौरान 6706 नये मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या दो लाख को पार कर बढ़कर 2,03,200 हो गयी है। इस दौरान 8609 मरीजों के स्वस्थ होने से संक्रमण से मुक्ति पाने वालों की संख्या एक लाख को पार कर 1,21,242 हो गयी है। स्वस्थ होने वाले मरीजाें की दर बढ़कर 58 फीसदी पहुंच गयी है।
इसी अवधि में 103 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 3,614 हो गयी है और राज्य में सक्रिय मामलों में कमी आई है। आज राज्य में सक्रिय मामले घटकर 78,335 हो गये।
तमिलनाडु में कोरोना के 5,835 नये मामले सामने आने से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,20,355 हो गयी है। इस दौरान 5,146 मरीजों के स्वस्थ होने से रोगमुक्त लोगों की संख्या बढ़कर 2,61,459 हो गयी है। इसके साथ ही मरीजों के स्वस्थ हाेने की दर 81 फीसदी से अधिक पहुंच गयी है। चिंता की बात यह है कि राज्य में सक्रिय मामलों की संख्या में 570 की बढ़ोतरी हुई है जिससे सक्रिय मामले 53,499 हो गये हैं। राज्य में इसी अवधि में 119 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 5,397 हो गयी है।


आबादी के हिसाब से देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान मरीजों की संख्या 362 बढ़ी है जिससे सक्रिय मामले 49,709 हो गये हैं तथा इस महामारी से 2280 लोगों की मौत हुई है जबकि 88,786 मरीज ठीक हुए हैं।
सक्रिय मामलों में इसके बाद बिहार का स्थान है, जहां यह संख्या 1457 बढ़कर 31,467 हो गयी है। राज्य में 484 लोगों की मौत हुई है जबकि 62,507 लोग संक्रमण मुक्त भी हुए हैं।
देश के पूर्वी राज्य पश्चिम बंगाल में कोरोना वायरस के 444 मामले बढ़कर 26,447 सक्रिय मामले हैं तथा 2259 लोगों की मौत हुई है, वहीं अब तक 78,617 लोग स्वस्थ हुए हैं।
तेलंगाना में कोरोना के 22,736 सक्रिय मामले हैं और 665 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 63,074 लोग इस महामारी से ठीक हुए हैं।


गुजरात में सक्रिय मामले 126 बढ़कर 14,310 हैं तथा 2,733 लोगों की मौत हुई है। राज्य में 58,439 लोग इस बीमारी से स्वस्थ भी हुए हैं।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पिछले 24 घंटों में सक्रिय मामले 29 बढ़कर 10,975 हो गये हैं। वहीं संक्रमण के कारण मरने वालों की संख्या 4167 हो गयी है तथा अब तक 1,34,318 मरीज रोगमुक्त हुए हैं।


कोरोना महामारी से अब तक मध्य प्रदेश में 1065, राजस्थान में 833, पंजाब में 706, हरियाणा में 511, जम्मू-कश्मीर में 509, ओडिशा में 367, झारखंड में 204, असम में 169, उत्तराखंड में 143, केरल में 130, छत्तीसगढ़ में 115, पुड्डुचेरी में 102, गोवा में 91, त्रिपुरा में 44, चंडीगढ़ में 28, अंडमान निकाेबार द्वीप समूह में 21, हिमाचल प्रदेश में 18, मणिपुर में 13, लद्दाख में नौ, नागालैंड में सात, मेघालय में छह, अरुणाचल प्रदेश में तीन, दादर-नागर हवेली एवं दमन-दीव में दो तथा सिक्किम में एक व्यक्ति की मौत हुई है।

Share this story