सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र में ‘ सेवा की रसोईं ‘ को लेकर आम आदमी तक पहुंच रही कांग्रेस

सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र में ‘ सेवा की रसोईं ‘ को लेकर आम आदमी तक पहुंच रही कांग्रेस

Newspoint24.com/newsdesk/रजनीश पांडेय़/


रायबरेली । सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र में ‘सेवा की रसोईं’ को लेकर कांग्रेस आम लोगों तक पहुंच रही है। अब तक पूरे संसदीय क्षेत्र में करीब 20 हज़ार लोगों को भोजन वितरित किया जा चुका है।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू की रिहाई की मांग को लेकर प्रियंका वाड्रा के निर्देश पर किया जा रहा यह कार्यक्रम पार्टी के निष्क्रिय पड़े कार्यकर्ताओं में उत्साह जरूर भर रहा है।

उल्लेखनीय है कि रायबरेली के कुल 15 ब्लाकों के 127 न्याय पंचायतों में यह सत्याग्रह चलाया जा रहा है, जिसमें सीधे गरीब और आम आदमी तक जाकर उन्हें भोजन वितरित किया जा रहा है।भोजन की यह रसोईं कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा ही तैयार की जाती है। गांव-गांव के लोगों को इससे जोड़ा जा रहा है। नगरीय क्षेत्रों में भी 5 नगर पंचायत और एक नगर पालिका में भी इस सत्याग्रह के जरिये कांग्रेस आम आदमी तक पहुंच बनाने की कोशिश में है।

शहर के मोहल्लों और गांवों सहित हाईवे पर भी कार्यकर्ता भोजन वितरण के साथ-साथ भाजपा सरकार के जुल्म और इसके ख़िलाफ़ सेवा भाव की बात कर रहें हैं। कार्यकर्ता आम लोगों को समझा रहे है कि उनके प्रदेश अध्यक्ष को किस तरह सेवा करने के लिए ही जेल में बंद कर दिया गया, जिसका जवाब वह सेवा से ही दे रहे हैं।

कांग्रेस के जिलाध्यक्ष पंकज तिवारी का कहना है कि इस सेवा सत्याग्रह में रोजाना गांवों और नगरीय इलाकों के 3600 लोगों की भोजन के माध्यम से सेवा की जा रही है,अब तक 20 हज़ार से ज्यादा लोगों तक यह सेवा पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि सरकार के ज़ुल्म और अत्याचार का हम लोग सेवा भाव से विरोध कर रहे हैं। हालांकि कांग्रेस का यह सत्याग्रह पूरे प्रदेश में है, लेकिन सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र के लिए यह काफ़ी असरदार हो रहा है। लंबे समय से निष्क्रिय कार्यकर्ताओं में इससे एक जोश जरूर है। जिले की स्थानीय राजनीति में भी जिस तरह पार्टी को लगातार परेशानी झेलनी पड़ रही थी ऐसे में इस सत्याग्रह के बहाने आम जनमानस तक अपनी पहुंच बनाने में मदद जरूर मिल रही है।

Share this story