राजस्थान में धूमधाम से मनाया जा रहा स्वतंत्रता दिवस, मुख्यमंत्री गहलोत ने किया ध्वजारोहण

राजस्थान में धूमधाम से मनाया जा रहा स्वतंत्रता दिवस, मुख्यमंत्री गहलोत ने किया ध्वजारोहण

Newspoint24.com/newsdesk/


जयपुर । देश में शनिवार को 74वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह और जश्न का माहौल है। राजस्थान में स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया जा रहा है। राज्यपाल कलराज में मिश्र ने राजभवन में ध्वजारोहण किया है। उन्होंने उन सभी देशभक्तों का सादर स्मरण जिनके बलिदान से हमे आज यह दिन मनाने का सौभाग्य मिला है। राज्यस्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ध्वज फहराया और परेड का निरीक्षण किया। कोरोना काल में आयोजित हो रहे समारोह में कोरोना प्रोटाकॉल की पालना की गई। कोरोना के चलते समारोह वृहद पैमाने पर नहीं मनाए गए।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिन हमें देश के आजादी के लिए अपना तन, मन, धन न्योछावर करने वाले महान स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, त्याग, समर्पण और उनकी शहादत की याद दिलाता है। हम सब उनके इस बलिदान के प्रति नतमस्तक हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद देश ने आगे बढ़ने के लिए लोकतांत्रिक मार्ग चुना। देश में निरंतर लोकतंत्र सशक्त और समृद्ध हुआ। हमारे महान नेताओं की सोच ने स्वस्थ प्रजातांत्रिक मूल्यों के पोषण किया।

मुख्यमंत्री ने गहलोत ने कहा कि आजादी का अर्थ यह है कि हर व्यक्ति को उसके अधिकार और सभी को न्याय मिले। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार प्रत्येक व्यक्ति के अधिकारों की रक्षा के प्रति वचनबद्ध हैं प्रदेश में अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से आमजन के जीवन में गुणात्मक सुधार लाया जा रहा है।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री गहलोत ने अपरोक्ष रूप से भाजपा और केन्द्र सरकार पर हमला भी बोला और चेतावनी देते हुए कहा कि अगर देश प्रदेश में चुनी हुई सरकार को धन बल और ट्रेडिंग के आधार पर गिराया जाएगा तो यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। देश में दबाव की राजनीति काम कर रही है। हर व्यक्ति पर दबाव की राजनीति की जा रही है। आज हर व्यक्ति बात करते हुए घबरा रहा है।

उन्होंने कहा कि कोरोना को लेकर हम सफलतापूर्वक लड़ाई लड़ रहे हैं। सब वर्गों का हमने सहयोग लिया. भीलवाड़ा मॉडल बना. टेस्ट आज 40 हजार से ज्यादा रोज हो रहे हैं। कोरोना मैनेजमेंट में राजस्थान पूरे देश में सिरमौर है। लॉकडाउन में जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ा। मजदूरों की हालत देखकर पूरा देश विचलित हुआ लेकिन सबसे शानदार प्रबंधन देश में हमने किया। उन्होंने इस अवसर पर प्रदेशवासियों का आह्वान किया कि हम सभी मिलजुल कर रहें और अपने परिश्रम एवं प्रयासों से देश प्रदेश को आगे बढ़ाने में भागीदारी निभाएं यही हमारी अमर शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि हैं।

इससे पहले मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जयपुर में विभिन्न कार्यक्रमों में भाग किया और झण्डारोहण किया। मुख्यमंत्री गहलोत सुबह 7 बजे सिविल लाइन्स स्थित मुख्यमंत्री निवास पर एवं प्रातः 8 बजे बड़ी चौपड़ पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। सुबह 8.55 बजे अमर जवान ज्योति पर पुष्पचक्र अर्पित कर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद मुख्यमंत्री सुबह 9 बजे सवाई मानसिंह स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय स्वतत्रंता दिवस समारोह में शामिल हुए और झण्डारोहण के साथ ही परेड निरीक्षण किया। समारोह में पुलिस एवं सेना के बैण्डवादन एवं साहसिक गतिविधियों का प्रदर्शन और लोक-कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई। इसके बाद मुख्यमंत्री सुबह 10.30 बजे शासन सचिवालय परिसर में आयोजित समारोह में झण्डारोहण किया।

Share this story