भाजपा विधायक महेश नेगी के खिलाफ दुष्कर्म करने का मुकदमा दर्ज

भाजपा विधायक महेश नेगी के खिलाफ दुष्कर्म करने का मुकदमा दर्ज

Newspoint24.com/newsdesk/(हि.स.)

महिला ने विधायक पर शारीरिक शोषण का आरोप लगाया 

विधायक की पत्नी रीता ने नेगी ने नेहरू कॉलोनी थाने में महिला, उसके पति, भाभी और मां के खिलाफ तहरीर दी थी।


देहरादून । आखिरकार एक महिला के आरोपों से घिरे द्वाराहाट से भाजपा विधायक महेश नेगी और उनकी पत्नी रीता नेगी के खिलाफ अदालत के आदेश के बाद रविवार सुबह नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। इसकी पुष्टि थाने के इंस्पेक्टर राकेश गुसाईं ने की है।

भाजपा विधायक महेश नेगी के खिलाफ दुष्कर्म करने का मुकदमा दर्ज
दो साल से मेरा यौन शोषण कर रहा है भाजपा विधायक, बेटी भी पैदा की, डीएनए टेस्ट नहीं करवा रहा, दे रहा धमकी

उन्होंने बताया कि विधायक पर दुष्कर्म करने और उनकी पत्नी पर जान से मारने की धमकी देने और मामले को दबाने का आरोप है। उल्लेखनीय है कि एसीजेएम पंचम की कोर्ट ने शनिवार को विधायक पर दुष्कर्म और रीता नेगी पर अनैतिक कार्य करते हुए मामले को दबाने के आरोप में फौरन मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया था। महिला के वकील एसपी सिंह के मुताबिक पुलिस ने शिकायत दर्ज नहीं की थी। इस वजह से कोर्ट में 156 (3) के तहत प्रार्थना पत्र दाखिल किया गया। शनिवार को प्रार्थना पत्र को एसीजेएम पंचम ने स्वीकार किया। अदालत ने थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस को जल्द विवेचना शुरू करने को भी कहा है।

उधर, पिछले महीने विधायक की पत्नी ने महिला के खिलाफ ब्लैकमेलिंग का मुकदमा दर्ज कराया था। इसमें महिला पर आरोप लगाया गया है कि वह विधायक से संबंध होने की बात करके उनसे पांच करोड़ रुपये मांग रही है। महिला ने अपनी बच्ची को भी विधायक की ही बताया था। इसके उलट इस महिला की मांग है कि उसकी बच्ची का डीएनए विधायक से मैच कराया जाए। इस मसले पर राज्य महिला आयोग और बाल आयोग ने भी पुलिस से जवाब मांगा था। कुछ दिन पहले नैनीताल हाईकोर्ट महिला की गिरफ्तारी पर रोक लगा चुकी है।

मुकदमा दर्ज होने के बाद सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए वीडियो में महिला ने विधायक महेश नेगी पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप लगाया कि विधायक ने उसका दो वर्ष तक शारीरिक शोषण किया। दावा किया कि उसकी बेटी के पिता विधायक महेश नेगी ही हैं। महिला ने कहा कि वह बेटी और विधायक का डीएनए टेस्ट कराना चाहती है। वहीं विधायक ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया है। विधायक का कहना है कि वे किसी भी तरह की जांच के लिए तैयार हैं।1.47 मिनट का यह वीडियो शुक्रवार दोपहर सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसमें महिला ने अपने ऊपर लगे रंगदारी मांगने के आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताया। वीडियो में उसने बताया कि उसने ऐसी कोई मांग विधायक के परिवार से नहीं की है। पुलिस मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है।

Share this story