उधार के चेहरे पर निर्भर भाजपा बिहार को बनाएगी आत्मनिर्भर : तेजस्वी यादव

उधार के चेहरे पर निर्भर भाजपा बिहार को बनाएगी आत्मनिर्भर : तेजस्वी यादव

Newspoint24.com/newsdesk/

पटना यूनिवर्सिटी को तो केन्द्रीय विश्व विद्यालय का दर्जा देकर बनाइए आत्मनिर्भर

पटना । भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शनिवार को आत्मनिर्भर बिहार कार्यक्रम की शुरुआत की जिसको लेकर आत्मनिर्भर बिहार, 2020 पोर्टल लांच किया गया है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने जेपी नड्डा के इस कार्यक्रम पर तंज कसा है। तेजस्वी यादव ने कहा है कि भाजपा ने आत्मनिर्भर बिहार के बारे में बात की है। यह कितना हास्यास्पद बयान और कैम्पेन है। मैं उनको यह सलाह देना चाहूंगा कि बिहार में भाजपा तो पहले आत्मनिर्भर हो जाए।

वह बिहार में पिछले 24 वर्षों से उधार के चेहरे पर निर्भर है। तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में 15 साल तक शासन करने के बाद इन लोगों को दिव्य ज्ञान प्राप्त हुआ है कि बिहार को आत्मनिर्भर बनाना है। 15 वर्ष तक इनको किसने रोका था? ऊपर से नीचे दिल्ली से पटना तक इनकी सरकार है तो अबतक क्यों नहीं आत्मनिर्भर बन पाया बिहार? उन्होंने नड्डा से कहा कि पहले आप पटना यूनिवर्सिटी को केंद्रीय यूनिवर्सिटी का दर्जा देकर आत्मनिर्भर बना दीजिए।

जैसे 2014 में इन्होंने कहा था कि हमारी सरकार आने पर बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देंगे। क्या ऐसे ही ये बिहार की आत्मनिर्भर बनाएंगे। गौरतलब है कि बिहार भाजपा कार्यालय में पार्टी चीफ जेपी नड्डा ने आत्मनिर्भर बिहार कार्यक्रम को संबोधित किया और आत्मनिर्भर बिहार, 2020 पोर्टल लांच किया। अपने संबोधन में जेपी नड्डा ने कहा कि बिहार में नीतीश के नेतृत्व में बिहार में एक बार फिर से एनडीए की सरकार बनेगी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने प्रदेश कार्यालय से आत्मनिर्भर रथ रवाना किये । ये रथ जिलों में जाकर आत्मनिर्भर बिहार बनाने का अभियान चलाएगें और लोगों से फीडबैक लेंगे ।

Share this story