बर्थडे स्पेशल (20 सितम्बर): 72 के हुए कंट्रोवर्सी किंग महेश भट्ट

बर्थडे स्पेशल (20 सितम्बर): 72 के हुए कंट्रोवर्सी किंग महेश भट्ट

Newspoint24.com/newsdesk/

मशहूर फिल्म निर्माता, निर्देशक और स्क्रीनराइटर महेश भट्ट 20 सितम्बर को 72 साल के हो जायेंगे । कंट्रोवर्सी किंग के नाम से मशहूर महेश भट्ट का जन्म 20 सितंबर, 1948 को मुंबई में हुआ था। उनकी मां शिरीन बीते जमाने की प्रसिद्ध अभिनेत्री थी और पिता नानाभाई भट्ट फिल्म निर्माता थे। महेश के पिता एक गुजराती ब्राह्मण थे, जबकि मां शिया मुसलमान थी। कहा जाता है कि महेश के माता-पिता लिव इन रिलेशन में थे। दोनों ने कभी शादी नहीं की। महेश की प्रारंभिक पढ़ाई डॉन बोस्‍को हाई स्‍कूल, माटुंगा से हुई थी। इस दौरान महेश ने पैसे कमाने के लिए पार्ट टाइम जॉब करना शुरू कर दिया।  20 साल की उम्र में उन्होंने विज्ञापन लेखन का काम शुरू कर दिया था। स्ट्रगलिंग के दिनों में महेश बीते जमाने की अभिनेत्री स्मिता पाटिल और सुपरस्टार विनोद खन्ना के सेक्रेटरी भी रह चुके हैं। 


महेश भट्ट ने दो शादियां की हैं। उन्होंने पहली शादी लॉरेन ब्राइट से की।  शादी के बाद लॉरेन ब्राइट का नाम किरण भट्ट हो गया। दोनों के दो बच्चें पूजा भट्ट और राहुल भट्ट है। पहली शादी में दरार आने के बाद महेश ने दूसरी शादी अभिनेत्री सोनी राजदान से की। इनसे भी महेश की दो बेटी है शाहिनी भट्ट और आलिया भट्ट।  महेश भट्ट ने 26 साल की उम्र में बतौर निर्देशक फिल्म ‘मंजिलें और भी हैं’ से बॉलीवुड में कदम रखा। इस फिल्म के बाद महेश ने  ‘नया दौर’,’लहू के दो रंग’,’अर्थ, ‘सारांश’, ‘नाजायज’, ‘दिल है कि मानता नहीं’, आदि फिल्मों का सफल निर्देशन किया। साल 1996 में  महेश ने बतौर निर्माता फिल्म ‘पापा कहते हैं’ को प्रोड्यूस किया और फिल्म जगत में निर्दशक के साथ -साथ निर्माता के रूप में भी अपनी पहचान बनाई। बतौर निर्माता महेश ने राज, साया, फुटपाथ आदि फिल्मों का निर्माण किया।


महेश भट्ट के बारे में कहा जाता है कि वह अपनी निजी जिंदगी को फिल्मों के माध्यम से पर्दे पर उतारते हैं। महेश की फिल्म ‘आशिकी’ उनके और किरण भट्ट के अफेयर पर आधारित फिल्म बताई जाती है। महेश भट्ट ने बतौर लेखक बॉलीवुड कि कई फिल्मों की कहानी लिखी है। जिनमें ‘संघर्ष’, कसूर, पाप, जिस्म, जहर, गैंगस्टर,वो लम्हे आदि शामिल हैं। महेश ने बॉलीवुड में एक से बढ़कर एक शानदार फिल्में दी हैं। महेश भट्ट की फिल्में दर्शकों के दिलों को छूती हैं। महेश ज्यादातर बोल्ड विषयों पर मासलेदार फिल्म बनाते हैं। जो दर्शकों को काफी एंटरटेन करती हैं।बतौर निर्देशक महेश भट्ट ने लगभग 21 साल बाद फिल्म सड़क 2 का निर्देशन किया,जो हाल ही में डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर रिलीज हुई है।

Share this story