बंगाल में एक और भाजपा कार्यकर्ता की हत्या

बंगाल में एक और भाजपा कार्यकर्ता की हत्या

Newspoint24.com/newsdesk

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में राजनीतिक हत्याएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। स्वतंत्रता दिवस के दिन भी सूबे के हुगली जिला अंतर्गत आरामबाग क्षेत्र में एक भाजपा कार्यकर्ता की हत्या की गई है। उसकी पहचान सुदर्शन प्रमाणिक के तौर पर हुई है।

प्रदेश भाजपा की ओर से जारी बयान में बताया गया है कि सुदर्शन प्रमाणिक जिले के खानाकुल विधानसभा अंतर्गत 245 नंबर बूथ के सक्रिय कार्यकर्ता थे। शनिवार को तिरंगा फहराने का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसी में शामिल होने के लिए सुदर्शन पहुंचे थे। वह झंडा फहराने की तैयारी कर रहे थे। उसी समय कथित तौर पर तृणमूल कांग्रेस के लोगों ने धारदार हथियारों से हमला कर दिया। सुदर्शन को पीट-पीट कर मौत के घाट उतार दिया। अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं को भी मारा पीटा गया है। सरजीत सामंत नामक एक और भाजपा नेता को गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है। इसे लेकर भारतीय जनता पार्टी ने सख्त तेवर अख्तियार किया है। पार्टी ने अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। ऐसा नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी है। पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राहुल सिन्हा ने इसे लेकर ममता बनर्जी सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़ा किया।

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में ना तो आजादी बची है और ना ही लोकतंत्र। स्वतंत्रता दिवस के दिन झंडा फहराने जा रहे भाजपा कार्यकर्ता की जिस निर्मम तरीके से हत्या हुई है वह दिल दहलाने वाला है। पार्टी हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रही है। अगर ऐसा नहीं हुआ तो व्यापक आंदोलन होगा। उन्होंने राज्य प्रशासन पर अपराधियों के साथ मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य भर में जितने भी अपराध हो रहे हैं उसमें प्रशासन की मिलीभगत रहती है। ऐसे में राज्य प्रशासन से न्याय की गुहार लगाने का कोई औचित्य नहीं है। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी को लगता है कि कार्यकर्ताओं को मौत के घाट उतार देंगी तो हम डर‌ जाएंगे, लेकिन ऐसा होगा नहीं। भाजपा जनता के बीच जाएगी और बंगाल से ममता को विदा करेगी।

Share this story